आदेश सरकार का, पालन सरकारी स्कूलों का और निजी स्कूलों के लिए नियमों की किताब शायद अलग!
सेंटी गुरु ने चश्मा ठीक किया, माथे पर बल डाले और सवाल दाग दिया भाई साहब, आखिर निजी स्कूलों के पास ऐसी कौन-सी जादुई ताकत है कि सरकारी आदेश इनके दरवाजे तक पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ देते हैं? सरकार आदेश जारी करती है, प्रशासन फरमान सुनाता है, सरकारी स्कूल अमल में जुट जाते हैं, लेकिन कुछ निजी स्कूलों की दुनिया में मानो अलग ही संविधान चलता है!

मौका छुट्टी घोषित होने का हो, समय-सारिणी का हो या बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा कोई निर्देश सवाल उठता है कि आखिर कुछ निजी विद्यालय आदेशों को इतनी हल्के में क्यों लेते हैं? अगर नियम सबके लिए हैं, तो पालन भी सबको करना चाहिए। शिक्षा का मंदिर सरकारी हो या निजी, उसके दरवाजे पर कानून और प्रशासनिक निर्देशों की इज्जत बराबर होनी चाहिए।
सेंटी गुरु ने फिर तंज कसा
सरकारी स्कूलों के शिक्षक आदेश सुनते ही तैयारी में जुट जाते हैं। छुट्टी का आदेश आया तो ताला लग गया, समय बदला तो घंटी बदल गई। मगर कुछ निजी स्कूलों में शायद आदेश पहले मैनेजमेंट की बैठक में जाता है, फिर फीस के हिसाब-किताब से गुजरता है और आखिर में तय होता है कि इसे मानना है या अपनी सुविधा के मुताबिक समझना है!
अब सवाल प्रशासन से भी है। आदेश जारी करना ही जिम्मेदारी का आखिरी पड़ाव है या उसका पालन सुनिश्चित कराना भी जरूरी है? अगर किसी विद्यालय द्वारा नियमों की अनदेखी की शिकायत मिलती है, तो जांच होनी चाहिए। उल्लंघन साबित होने पर नियमानुसार कार्रवाई भी होनी चाहिए। आखिर आदेशों का पालन कराने के लिए ही तो प्रशासनिक व्यवस्था बनाई गई है।
सेंटी गुरु बोले निजी स्कूल चलाना अपराध नहीं, लेकिन निजी प्रबंधन का मतलब निजी कानून भी नहीं! अभिभावक फीस देते हैं, बच्चे भरोसा लेकर स्कूल पहुंचते हैं और सरकार व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश जारी करती है। ऐसे में मनमानी की गुंजाइश आखिर कहां बचती है?
अंत में सेंटी गुरु बोले, जब सरकारी स्कूल आदेश मान सकते हैं, तो निजी स्कूल क्यों नहीं? क्या नियमों की किताब में सरकारी और निजी स्कूलों के लिए अलग-अलग पन्ने हैं? अगर नहीं, तो फिर पालन में यह भेदभाव क्यों? प्रशासन को चाहिए कि आदेशों की स्याही सूखने से पहले उनके पालन की हकीकत भी जांचे। वरना जनता यही कहेगी
कानून सबके लिए बराबर है, मगर कुछ स्कूलों के लिए शायद बराबरी भी छुट्टी पर है!
सेंटी गुरु





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।