जैतपुर (आगरा)। चित्राहाट थाना क्षेत्र के कूकापुर गांव में खेत की बाड़ लगाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-सरिया से लैस लोगों ने किसान प्राग सिंह के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी प्रतापपुरा निवासी लाल सिंह बघेल के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वह छुट्टा मवेशियों से फसल की सुरक्षा के लिए खेत में बाड़ लगाने हेतु एंगल गाड़ रहे थे। इसी दौरान लेखपाल मौके पर पहुंचे और सात मीटर का चकरोड बताया। इस पर उनके भाई प्राग सिंह ने चकरोड की सीमा को लेकर सवाल किया। इसी बात पर कूकापुर निवासी संतोष, शिवेंद्र सिंह और राजवीर से कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लेखपाल और ग्राम प्रधान ने मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि उनके जाने के बाद छह-सात अन्य लोग ट्रैक्टर से पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने प्राग सिंह पर लाठी-सरिया से हमला कर दिया। हमले में घायल किसान को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिवेंद्र सिंह, संतोष, राजवीर समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संवाददाता: सोनू ओझा, जैतपुर, आगरा





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।