झांसी। उल्दन थाना क्षेत्र में पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ में पुलिस ने जालौन निवासी दो आरोपियों सलीम शाह और सलीफ शाह को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले की जानकारी दी।
घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, पडरा से बंगरा जाने वाले मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों के घूमने की सूचना मिली थी। इस पर उल्दन थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन की रोशनी पड़ने से उनका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचे और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में दोनों ने इमरिया गांव में हुई चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।