गरीबी केवल आर्थिक अभाव नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर भविष्य से वंचित रहने की पीड़ा भी है। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच आज भी करोड़ों लोग दो वक्त की रोटी, स्वच्छ पानी और सुरक्षित आवास के लिए संघर्ष कर रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बढ़ती आर्थिक विषमता गरीबी उन्मूलन की राह में बड़ी बाधाएं हैं।
विश्व असमानता रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत में राष्ट्रीय आय और संपत्ति का बड़ा हिस्सा शीर्ष के अमीर वर्ग के पास केंद्रित है, जबकि आधी आबादी सीमित संसाधनों में जीवनयापन करने को मजबूर है। यह विषमता सवाल उठाती है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक आखिर कब पहुंचेगा? संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिवर्ष 17 अक्टूबर को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस इसी चुनौती के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है। वर्ष 2026 की घोषित थीम ‘सभी के लिए सुरक्षित घर’ आवास की बुनियादी जरूरत को रेखांकित करती है।
गरीबी का सबसे गंभीर असर बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर पड़ता है। आर्थिक तंगी के कारण अनेक बच्चों को पढ़ाई छोड़कर परिवार की आजीविका में हाथ बंटाना पड़ता है। पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में कुपोषण तथा गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले परिवार अस्वच्छता, प्रदूषण और असुरक्षित आवास जैसी समस्याओं से जूझते हैं। लगातार आर्थिक दबाव मानसिक तनाव, पारिवारिक कलह और सामाजिक भेदभाव को भी बढ़ावा देता है।
बेरोजगारी गरीबी के चक्र को और मजबूत करती है। उच्च शिक्षित युवाओं को भी योग्यतानुसार रोजगार नहीं मिलना चिंता का विषय है। भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अवसरों की कमी युवाओं के सपनों को कमजोर करते हैं। जब मेहनत और योग्यता के बावजूद रोजगार नहीं मिलता, तो व्यक्ति के साथ पूरे परिवार की आर्थिक प्रगति प्रभावित होती है।
गरीबी उन्मूलन के लिए केवल मुफ्त सुविधाएं देना पर्याप्त नहीं है। सरकार को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और सम्मानजनक रोजगार को प्राथमिकता देनी होगी। कौशल विकास, पारदर्शी भर्ती, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। हर व्यक्ति को समान अवसर मिलें और बीमारी के कारण किसी गरीब की जान न जाए, यह सुनिश्चित करना होगा।
वास्तविक विकास तभी सार्थक होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। गरीबों को केवल सहायता का लाभार्थी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक बनाना समय की मांग है। गरीबी के दंश से मुक्ति का रास्ता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक समानता से होकर गुजरता है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।