वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था में सख्ती के बाद दानराशि में पारदर्शिता बढ़ने के संकेत मिले हैं। उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की निगरानी में खोली गईं 18 गुल्लकों से अब तक 3.23 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। 14 गुल्लकों की गिनती अभी शेष है। समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं को गुल्लक और ऑनलाइन माध्यम से दान देने के लिए जागरूक करने का असर दिखाई दे रहा है।मंदिर में चढ़ावे को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद समिति ने व्यवस्था में बदलाव किए। समिति ने अदालत में दाखिल हलफनामे में सेवायतों की सहायता के लिए तैनात भंडारियों द्वारा श्रद्धालुओं को गुल्लक में दान डालने से रोकने की बात कही थी। इसके बाद भंडारियों की संख्या घटाकर दो कर दी गई। गुल्लकों पर क्यूआर कोड लगाए गए और मंदिर परिसर में दानराशि सीधे गुल्लक में डालने अथवा ऑनलाइन दान करने की अपील वाले सूचना-पत्र लगाए गए।समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पहले ऑनलाइन माध्यम से प्रतिदिन 10 से 15 हजार रुपये दान मिलता था, जो अब बढ़कर 30 से 40 हजार रुपये हो गया है।अप्रैल से सितंबर तक ऑनलाइन माध्यम से 1.81 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इससे पहले मई में गुल्लक खुलने पर 4.90 करोड़ रुपये और जुलाई में करीब चार करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला था।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।