मऊरानीपुर (झांसी)। नगर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। इसका अंदाजा कोतवाली से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित संजय दाल मिल की गद्दी में हुई चोरी से लगाया जा सकता है। गुरुवार रात चोरों ने गद्दी का दरवाजा तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी और एक लैपटॉप चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।
गद्दी मालिक राजकुमार सेठ के मुताबिक, वह गुरुवार रात रोजाना की तरह गद्दी पर ताला लगाकर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वापस लौटे तो अंदर जाने वाला दरवाजा टूटा मिला। अंदर जांच करने पर अलमारी में रखी नकदी और लैपटॉप गायब मिले। उन्होंने तत्काल कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उनके सुराग तक पहुंचा जा सके।
कोतवाली से चंद कदम दूर हुई वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। अब पुलिस के सामने आरोपियों को पकड़ने, चोरी की नकदी और लैपटॉप बरामद करने की चुनौती है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।