बरुआसागर (झांसी)। बरुआसागर थाना क्षेत्र में अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोहल्ला सनौरा स्थित किले के अंदर छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी मौके पर जुआ खेल रहे थे। तलाशी और जुए की फड़ से कुल 3,410 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टहरौली रक्षपाल सिंह के पर्यवेक्षण में 21 अक्टूबर 2026 को अवैध जुए के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर बरुआसागर थाना पुलिस ने मोहल्ला सनौरा स्थित किले के अंदर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से तीन लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाब सिंह वर्मा निवासी डटिया खिरक फुटेरा, थाना बरुआसागर, महेंद्र कुशवाहा निवासी ग्राम सिद्धपुरा, थाना टहरौली और सईद खान निवासी किले के पास, मोहल्ला सनौरा, थाना बरुआसागर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की जामा तलाशी से 310 रुपये तथा जुए की फड़ से 3,100 रुपये बरामद हुए। कुल बरामदगी 3,410 रुपये की बताई गई है। इस मामले में थाना बरुआसागर में मुकदमा संख्या 275/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राहुल कुमार सिंह, कांस्टेबल शिव प्रताप और कांस्टेबल सिकंदर शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।