आगरा/लखनऊ। लखनऊ के शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार किए जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने श्रद्धा के साथ उसकी बहन और ड्राइवर दानिश को भी हिरासत में लिया है। श्रद्धा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस मामले में श्रद्धा का आगरा कनेक्शन भी सामने आया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह ताजनगरी फेज-1 स्थित ओम पैलेस होटल में करीब 24 घंटे रुकी थी। बताया गया कि 17 अक्टूबर की सुबह वह एक युवक और युवती के साथ होटल पहुंची थी। होटल के रजिस्टर में युवक का नाम देवराज यादव दर्ज होने की बात सामने आई है।


एसटीएफ की दबिश से पहले निकली
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रद्धा की आगरा में मौजूदगी की सूचना पर आगरा एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की टीम ने होटल में दबिश दी, लेकिन तब तक तीनों वहां से जा चुके थे। होटल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनके आने-जाने की गतिविधियों की जांच किए जाने की बात कही गई है। श्रद्धा के आगरा आने का उद्देश्य और देवराज यादव की भूमिका अभी जांच का विषय है।
क्या है शिवा शर्मा मौतकांड?
लखनऊ के अलीगंज निवासी कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की नौ अक्टूबर को अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनकी मां रंजना ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि समेत पांच लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के बाद श्रद्धा का एक इंटरव्यू भी वायरल हुआ था, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए शिवा की मौत को आत्महत्या बताया था। उसने शिवा पर कर्ज होने का दावा भी किया था। अब श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं, आगरा में उसके ठहरने और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।