आगरा। जनकपुरी महोत्सव में भाजपा नेता हेमंत भोजवानी के परिवार की महिला की सोने की चूड़ियां चोरी करने वाले अंतरराज्यीय बांगड़ी कटिंग गैंग का कमिश्नरेट पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की दो चूड़ियां बरामद की हैं।
घटना आठ अक्टूबर को सिकंदरा थाना क्षेत्र के भावना एस्टेट में नगर निगम पार्किंग के पास आयोजित जनकपुरी महोत्सव के दौरान हुई थी। भीड़ का फायदा उठाकर महिला के हाथ से सोने की दो चूड़ियां चोरी कर ली गई थीं। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

20 अक्टूबर को सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के ठाणे निवासी गणेश और इरफान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागों के आधार पर महाराष्ट्र तक जांच की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की दो चूड़ियां बरामद हुई हैं, जिनका वजन करीब 25 से 30 ग्राम बताया गया है। यह गैंग मेले और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं के हाथ से चूड़ियां काटकर चोरी करता था। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।