जैतपुर। जैतपुर क्षेत्र के कई गांवों में तालाबों में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक किसी भी तालाब से मगरमच्छ पकड़ने का प्रयास नहीं किया गया है। विभागीय टीम तालाबों में पानी अधिक होने की बात कहकर लौट जाती है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों के अनुसार, रैपुरा दीक्षित गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बने तालाब में मगरमच्छ देखा गया है। वहीं, क्यारी गांव के बीच स्थित तालाब में भी मगरमच्छ की मौजूदगी सामने आई है। इन स्थानों के आसपास छोटे-छोटे बच्चों का खेलना-कूदना लगा रहता है और ग्रामीण अपने पशुओं को भी बांधते हैं। ऐसे में मगरमच्छ के हमले की आशंका से ग्रामीण चिंतित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की ओर से समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मगरमच्छों को सुरक्षित स्थानों पर नहीं पहुंचाया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश सरकार और वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र के तालाबों में मौजूद मगरमच्छों को तत्काल पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों, बच्चों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।इस दौरान , रामू यादव, बृजेश शर्मा, आकाश यादव, रामवीर, पिंकू, हर्ष अवस्थी, सर्वेश कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।