मऊरानीपुर (झांसी)। लहचूरा थाना क्षेत्र के झारखंड धाम मंदिर के समीप धसान नदी में नहाते समय 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया। जानकारी के अनुसार, गरौठा थाना क्षेत्र के जलालपुरा गांव निवासी दीप सिंह गुरुवार को अपने दोस्त कुलदीप सिंह के साथ गुढ़ा गांव के पास स्थित झारखंड धाम मंदिर के समीप धसान नदी में नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। साथी को डूबता देख दोस्त ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी लहचूरा सत्य प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयासों के बाद दीप सिंह का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश शर्मा के अनुसार, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवक की असमय मौत से परिजनों में शोक छा गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।