फतेहाबाद। बाह-फतेहाबाद मार्ग पर सोमवार शाम नयापुरा के पास बाइक और अज्ञात वाहन की आमने-सामने की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से फतेहाबाद के पास स्थित गांव में अपनी ससुराल जा रहे थे।
बटेश्वर क्षेत्र के बौहर गांव निवासी अब्बू पुत्र रामदास अपने गांव के सूरज पुत्र मायाराम के साथ सोमवार शाम बाइक से निकले थे। शाम करीब साढ़े छह बजे नयापुरा के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अब्बू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सूरज को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में शोक छा गया।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।