मथुरा। पांच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन धनतेरस पर मथुरा के बाजारों में जमकर धन बरसा। सुबह से ही बाजारों और शोरूम में खरीदारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। ऑटोमोबाइल, सराफा, बर्तन और कपड़ों के कारोबार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। कारोबारियों के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, जिले में एक दिन में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।वाहन बाजार में इस बार खास उत्साह रहा। उमा मोटर्स के पीयूष चतुर्वेदी ने बताया कि मारुति की 250 कारों की एडवांस बुकिंग थी। पहली कार की डिलीवरी सुबह सात बजे ही कर दी गई। उनके अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। जीएसटी दरों में कमी का भी बिक्री पर सकारात्मक असर पड़ा। मारुति के अलावा महिंद्रा, मॉरिस गैरेज, किया और होंडा के शोरूम पर भी खरीदार पहुंचे। जिले में करीब 550 कारों की बिक्री का अनुमान है।दोपहिया वाहनों की खरीदारी में भी तेजी रही। हीरो के शोरूम पर 200 वाहनों की अग्रिम बुकिंग थी और करीब 800 बाइक की बिक्री हुई। जिले में हीरो की 1,500 से अधिक बाइक बिकने का अनुमान जताया गया। माधव मोटर्स के मालिक माधव अग्रवाल के मुताबिक, उनके कारोबार में पिछले वर्ष के मुकाबले 40 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि हुई। उनके यहां 250 दोपहिया वाहनों की बुकिंग रही। पूरे जिले में विभिन्न कंपनियों के 3,000 से अधिक टू-व्हीलर बिकने की संभावना है। इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी ग्राहकों ने रुचि दिखाई।सराफा बाजार में भी धनतेरस की रौनक लौट आई। हाल के दिनों में सोने-चांदी की कीमतें बढ़ने से खरीदारी प्रभावित हुई थी, लेकिन धनतेरस के मौके पर भाव में गिरावट आने से ग्राहकों का उत्साह बढ़ा। समृद्धि ज्वेलर्स के लोकेश अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.46 लाख रुपये रहा। चांदी के दामों में भी नरमी देखने को मिली। बाजार में चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और हटरी की मांग रही। इसके साथ ही सोने के आभूषणों की खरीदारी हुई। इस बार महिलाओं में डायमंड ज्वेलरी को लेकर भी खास आकर्षण नजर आया।सहालग को देखते हुए भी लोगों ने धनतेरस पर आभूषण खरीदना पसंद किया।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।