मथुरा। गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र संख्या 83 में चुनावी गतिविधियों के बीच समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेश चंद्र शर्मा उर्फ गोल्डी भैया ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर वह लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और उनकी समस्याएं सुनने के साथ सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में भी भागीदारी कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की और विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लिया।
जनसंपर्क के दौरान ग्राम खारी नगला पहुंचकर गोल्डी भैया ने भारतीय सेना से सेवानिवृत्त स्वर्गीय बाल किशन चौधरी की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ग्राम ऊमरी में शोकसभा में पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्राम करनावल में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले राहुल यादव के परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया। वहीं सीनैनुपट्टी में असमय जान गंवाने वाली विवाहिता और भगौसा में बीमारी से दिवंगत मुरारी लाल शर्मा के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।


इसके अलावा वह उम्मेद की नगरिया में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर विशाल भंडारे में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने अक्खा, नगला जंगली, सेंदा और नैनुपट्टी सहित अन्य गांवों में भी जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता की।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।