झांसी। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में बस में यात्रा कर रहे यात्री के दो बैग चोरी होने की घटना का खुलासा करने के लिए झांसी पुलिस को लंबी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो हजार किलोमीटर तक पीछा करने और दो हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस टीम ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लाख 40 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बस से यात्रा कर रहे एक व्यक्ति के दो बैग चोरी कर लिए गए थे। बैग में सोने के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से मौके से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने मामले के अनावरण के लिए आठ पुलिस टीमों का गठन किया था।
गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीमों ने लगातार सुराग तलाशते हुए करीब दो हजार किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। करीब दो हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पुलिस को सफलता मिली और महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी विकास कुमार ने बताया
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक लाख 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की पासबुक और बैंक में धनराशि जमा करने से संबंधित लेनदेन की रसीदें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा विभिन्न बैंक खातों में धनराशि जमा किए जाने से संबंधित साक्ष्य भी सामने आए हैं।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और चोरी किए गए सोने के आभूषणों की बरामदगी के संबंध में जांच कर रही है।












टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।