आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में आवास विकास चौकी के पास स्थित बीएस प्लाजा के एक बंद कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को गणित के शिक्षक ओपी यादव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वह शिवालिक स्कूल में मैथ्स टीचर थे और पिछले तीन दिनों से लापता चल रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ओपी यादव बीएस प्लाजा के सेमी-बेसमेंट में निजी कोचिंग सेंटर भी संचालित करते थे। बताया गया है कि मंगलवार से उनकी कोचिंग नहीं खुली थी और न ही वह स्कूल पढ़ाने पहुंचे थे। इस बीच आसपास के लोगों को बंद कोचिंग सेंटर से तेज दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जगदीशपुरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कोचिंग सेंटर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर शिक्षक का शव पड़ा मिला। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ने की स्थिति में पहुंच चुका था। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।