मथुरा। दीपावली के मद्देनजर पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रामलीला मैदान में लगाए गए पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों पर आग से बचाव के इंतजामों का जायजा लेते हुए अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता जांची। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर रखे अग्निशामक यंत्रों, बालू, पानी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति देखी। फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता और एक्सपायरी की भी जांच की गई। इस दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने अधिकारियों के सामने अग्निशामक यंत्रों के संचालन का प्रदर्शन किया। डीएम ने दुकानदारों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उन्हें आपात स्थिति में इन उपकरणों के इस्तेमाल की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि आग लगने पर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।जिलाधिकारी ने पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री करने और दुकानों में ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने की हिदायत दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और सभी दुकानों पर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आसपास के अस्पतालों की जानकारी रखने और आपातकालीन व्यवस्था तैयार रखने को कहा।एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिसकर्मियों को पटाखा बाजार में लगातार निगरानी रखने, भीड़ नियंत्रित करने और यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों से भी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। डीएम ने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।