फतेहपुर सीकरी।थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव नयावास दौलताबाद निवासी कन्हैया पुत्र भरत सिंह 28 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे फतेहपुर सीकरी से सामान लेकर अपने गांव लौट रहे थे। आरोप है कि सुपैरा रोड पर गांव से पहले रास्ते से निकलने को लेकर तीन-चार लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन और जेब में रखे रुपये भी गायब हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
घटना के बाद कन्हैया घर चले गए। अगले दिन 29 अक्टूबर को उन्होंने थाना फतेहपुर सीकरी पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।