फतेहाबाद (आगरा)। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद स्थापित कर दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। बमरौली कटारा चौराहे स्थित ओम ज्वैलर्स और मां ज्वैलर्स पर पहुंचकर उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल थाना पुलिस से संपर्क करने और अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने का अनुरोध किया।

डीसीपी ने नगला सबला और बमरौली कटारा चौराहों पर नियमित पैदल गश्त तथा नवामील और बमरौली कटारा चौराहों पर प्रभावी पुलिस पिकेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छिनैती और लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
गायत्री गोपाल गार्डन के सामने खाली खेत में प्रस्तावित पटाखा दुकानों एवं आतिशबाजी स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। आतिशबाजी लाइसेंस के लिए संबंधित व्यक्तियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी, आमने-सामने दुकानें न लगाने, मानक के अनुसार टीन शेड और पर्याप्त अग्निशामक यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
गश्त में थाना प्रभारी दीपक तिवारी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।