झांसी। यूपी के जनपद झांसी की कोतवाली मऊरानीपुर क्षेत्र में बुधवार शाम प्राइवेट बस में सफर कर रहे एक ज्वेलरी व्यापारी के दो बैग चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। व्यापारी के मुताबिक, बैग में करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। करोड़ों की ज्वेलरी चोरी की खबर से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर निवासी ज्वेलरी व्यापारी कीरत सिंह मऊरानीपुर में प्राइवेट बस से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान यात्रियों की भीड़ के बीच उनके दो बैग गायब हो गए। व्यापारी का आरोप है कि अज्ञात लोग दोनों बैग लेकर फरार हो गए। वहीं, उनके साथी के मुताबिक, बैग लेकर भागे युवक एक चार पहिया वाहन में सवार होकर मौके से निकल गए। बैग में रखे आभूषणों और नकदी की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। व्यापारी ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी उन्हें तत्काल प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आई। उधर, घटना को लेकर सर्राफा कारोबारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है।
इस वारदात के बाद मऊरानीपुर के अंबेडकर चौराहे पर प्राइवेट बसों के जमावड़े और उनके ठहराव की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जाते रहे हैं कि निर्धारित ठहराव नहीं होने के बावजूद कुछ प्राइवेट बसें चौराहे पर रुकती हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और बसों के संचालन की निगरानी को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।
चौराहे पर पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, बसों के ठहराव और चोरी की घटना के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें कौन लोग शामिल थे। व्यापारियों को चोरी गए माल की बरामदगी और मामले के शीघ्र खुलासे का इंतजार है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।