मऊरानीपुर/झांसी। लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वा स्थित प्राथमिक विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो बनाने वाले अभिभावक ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
ग्राम मड़वा निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र कैलाश अहिरवार के अनुसार, उनका बच्चा गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। बच्चे से विद्यालय की अव्यवस्थाओं की जानकारी मिलने पर वह स्कूल पहुंचे, जहां बच्चों को झाड़ू लगाते देखकर उन्होंने मोबाइल से वीडियो बना लिया।
वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि वीडियो बनाने की जानकारी मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक शरद कुमार ने फोन कर उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही बच्चे का नाम विद्यालय से कटवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का दावा है कि उसके पास वीडियो और कथित धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर साक्ष्यों के आधार पर जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।