मथुरा। रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल, महोली रोड में 27 से 29 नवंबर तक 12वीं स्वर्गीय गौरीलाल जी गोयल स्मृति अंडर-19 अंतरविद्यालयीय जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की कुल 50 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इनमें बालक वर्ग की 34 और बालिका वर्ग की 16 टीमें शामिल हैं।
जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन, मथुरा के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से बालक एवं बालिका वर्ग की एक-एक टीम को प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा। खिलाड़ियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. डी.पी. शर्मा, कार्यक्रम सचिव जे.पी. कुशवाहा, रेफरी अध्यक्ष योगेश सिंह जादौन, अभय कुमार शुक्ला, गौरव शर्मा, अंजू गौतम, दिनेश चौधरी, रेखा शर्मा, श्यामशीष रॉय तथा विद्यालय के मीडिया प्रभारी उमाशंकर गौतम उपस्थित रहे। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन, मैचों की व्यवस्था एवं निर्णायक मंडल से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।