मुरैना। महाराजा श्री महासेन जयंती के अवसर पर माहौर ग्वारे वैश्य महासभा, नगर शाखा मुरैना ने ज्ञान, प्रतिभा और मनोरंजन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। काशीबाई की धर्मशाला में कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की तर्ज पर ‘सवाल ₹10,000 का’ गेम शो आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में समाज के 36 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट से हुआ चयन
गेम शो की शुरुआत फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड से हुई, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों का चयन किया गया। इसके बाद कृष्ण गुप्ता, हिमांशु बांदिल, श्रीमती प्रिया गुप्ता, आरव गुप्ता और आशिम गोयल को हॉट सीट पर बैठकर सवालों का सामना करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में सवालों के सही जवाब देने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

2500 रुपये तक के सवालों के दिए सही जवाब
प्रतियोगिता में कृष्ण गुप्ता और हिमांशु बांदिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2500 रुपये तक के सवालों के सही जवाब दिए। वहीं श्रीमती प्रिया गुप्ता और आरव गोयल क्रमशः 400 रुपये तक के प्रश्नों तक पहुंचे। कार्यक्रम को और रोचक बनाने के लिए अंत में दर्शकों से भी सवाल पूछे गए। सही जवाब देने वाले दर्शकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
https://drive.google.com/file/d/1zJkgVq7lvXLRzSs7h4h9Cb3nbftPK-WO/view?usp=drivesdk
एंकरिंग ने बांधा समां
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बृजेंद्र गुप्ता की प्रभावशाली एंकरिंग रही। उन्होंने अपने रोचक अंदाज और शानदार प्रस्तुति से पूरे गेम शो को जीवंत बनाए रखा। आयोजन में समाज के वरिष्ठजन, महिला-पुरुष और युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

ज्ञान और एकजुटता का संदेश
महाराजा श्री महासेन जयंती पर आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम ने समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने के साथ ही ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और स्वस्थ मनोरंजन को बढ़ावा दिया। महासभा की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।