जैतपुर। जनपद आगरा की तहसील बाह स्थित ग्लोबल साइंस स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय स्तर की फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. वीरेश राज शर्मा, वरिष्ठ जेल अधीक्षक मेरठ ने किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी शतरंज की चालों से दमखम दिखाएंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाह क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।


डॉ. शर्मा ने इस भव्य आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधक मनीष शर्मा, प्रधानाचार्य रामसेवक शर्मा, पवन टाइगर और समस्त आयोजक मंडल की सराहना की।
प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की भागीदारी से स्थानीय प्रतिभाओं को भी सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में देवेन्द्र शर्मा, सुभाष शर्मा, देवेन्द्र मिश्र, राहुल शर्मा, संजू तिवारी, गुड्डू विधौलिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।