मऊरानीपुर/झांसी। झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में चार हजार रुपये के पेट्रोल का भुगतान मांगना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद कार सवार युवक बिना रुपये दिए भागने लगे। उन्हें रोकने के प्रयास में कर्मचारी कार के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया। घटना में कर्मचारी घायल हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
मामला ग्राम भदरवारा स्थित जय मां भद्रकाली फिलिंग पेट्रोल पंप का है। पीड़ित कर्मचारी मनीष कुमार के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:50 बजे काली फिल्म लगे शीशों वाली सफेद कार पेट्रोल पंप पर पहुंची। कार में तीन से पांच लोग सवार थे। आरोप है कि उन्होंने चार हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया। कर्मचारी ने जब भुगतान मांगा तो वे टालमटोल करने लगे और गाली-गलौज करते हुए कार लेकर भागने लगे।
मनीष ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन दौड़ा दिया। इससे कर्मचारी कार के साथ घिसटता चला गया और उसे चोटें आईं। आरोपी छतरपुर रोड की ओर फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज होने की बात भी कही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंचती है।
https://drive.google.com/file/d/1MSnYCi4HQcN5j4ASTSIKJnmp3cmhrgRG/view?usp=drivesdk




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।