मथुरा।घीया मंडी में शनिवार सुबह टीवी रिपेयरिंग दुकान और मकान में लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीन मंजिला इमारत से उठती आग की लपटें देखकर बाजार में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंचीं दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब नौ बजे अबरार की टीवी रिपेयरिंग दुकान और उससे जुड़े मकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से होते हुए मकान में रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इमारत से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।सूचना मिलते ही दमकलकर्मी तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य किया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कोतवाल अजय कौशल ने बताया कि भीषण आग के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।