गोवर्धन/मथुरा।किसानों की पेंशन बहाली, आगरा कैनाल की माइनरों की सफाई और जर्जर पुलियों के निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय महिला फेडरेशन ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के बैनर तले 2 नवंबर को सुबह 11 बजे लालपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।किसानों की प्रमुख मांगों में किसान पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन तत्काल शुरू करना शामिल है। इसके अलावा आगरा कैनाल से निकली रसूलपुर माइनर, लालपुर माइनर तथा अन्य छोटी नहरों की खुदाई और सफाई कराने की मांग उठाई गई है। किसानों के अनुसार, नहरों की उचित सफाई नहीं होने से खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लालपुर माइनर से आरिंग रजवाहा तक पक्के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।महिला नेत्री कामरेड राधा चौधरी ने आंदोलन को लेकर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र के किसान, मजदूर और महिलाओं से 2 नवंबर को सुबह 11 बजे लालपुर पहुंचकर धरने में भाग लेने की अपील की। संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।






टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।