फतेहाबाद। कस्बा फतेहाबाद में चल रही रामलीला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक कुलदीप ने कहा कि भगवान श्रीराम हमारी आस्था और आदर्श हैं। रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान राम के जीवन, चरित्र और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। राम की गाथाएं गांव, गली और मोहल्लों तक पहुंचनी चाहिए, जिससे समाज का प्रत्येक व्यक्ति उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर सके।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प होना चाहिए कि प्रत्येक परिवार में भगवान राम जैसे संस्कारवान बच्चे हों। आने वाली पीढ़ी राम के चरित्र से प्रेरणा लेकर परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करे। भगवान राम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की सीख देता है। राम और रावण के प्रसंग से यह संदेश मिलता है कि अंत में विजय सदैव सत्य और धर्म की ही होती है। उन्होंने परिवार की मजबूती और नारी शक्ति के सम्मान एवं सशक्तीकरण पर भी जोर दिया।
इससे पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने रामलीला मंचन के दौरान भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की आरती उतारी। इस अवसर पर चैयरमैन प्रतिनिधि रविप्रकाश शल्या,आनंद शर्मा, प्रदीप पलिया, अमित कसेरे, अरविंद वर्मा, गिर्राज मोदी, सुरेश लोधी, मुकेश शुक्ला और श्यामानंद शर्मा सहित संघ के पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।