मथुरा। कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों और विभागों पर है, यदि उन्हीं के वाहनों पर यातायात नियमों की अनदेखी दिखाई दे तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सोमवार को मथुरा के मंडी चौराहे पर मजिस्ट्रेट लिखा एक वाहन बिना नंबर प्लेट के दिखाई दिया। वाहन पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं होने से आसपास से गुजर रहे लोगों ने इस पर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि जब जिम्मेदार विभागों के वाहन ही नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आम नागरिकों से नियमों के अनुपालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहे हैं कि जनपद में कई विभागों के वाहन बिना पंजीकरण संख्या या नंबर प्लेट के सड़कों पर दिखाई देते हैं। नियमानुसार नए वाहनों पर भी अस्थायी पंजीकरण संख्या की व्यवस्था होती है। ऐसे में बिना किसी नंबर के वाहन का सड़क पर चलना जांच का विषय है। तस्वीर में दिखाई दे रहा वाहन पुराना प्रतीत होता है, जिस पर पंजीकरण संख्या नजर नहीं आ रही है।लोगों का सवाल है कि चौराहों पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ऐसे वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? क्या सरकारी या प्रशासनिक पहचान लिखे होने मात्र से किसी वाहन को नियमों से छूट मिल जाती है? फिलहाल वाहन के स्वामित्व और पंजीकरण की स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और यातायात विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कदम उठाते हैं।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।