मथुरा। दीपावली पर मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने मथुरा और वृंदावन में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने शहर की कई नामी मिठाई की दुकानों और फैक्ट्रियों पर पहुंचकर मिठाई, घी, पनीर, खोया और मसालों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान अनियमितताएं मिलने पर 50 किलो दूषित मिठाई, 10 किलो अरारोट और पांच किलो बेसन मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं वृंदावन में 15 किलो धनिया पाउडर सीज किया गया। कुछ प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस भी जारी किए गए।मथुरा में टीम ने हल्दीराम के शोरूम से रंगीन बर्फी और घी, जबकि ब्रजवासी स्वीट्स की फैक्ट्री से मिर्च पाउडर, पनीर, खोया और रंगीन मिठाई के नमूने लिए। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राधे-राधे मिठाई वाले से बेसन के लड्डू और सिविल लाइन के लाला स्वीट्स से बर्फी का नमूना लिया गया। मसानी रोड स्थित राधारानी रसगुल्ला एंड नमकीन भंडार से घी, रंगीन चाप और खोया की जांच के लिए नमूने जुटाए गए।सौंख रोड की राधिका स्वीट्स से केसर बर्फी, काजू बर्फी, घी, खोया और सोनपपड़ी के नमूने लिए गए। औरंगाबाद के बंसल स्वीट्स एंड मिल्क सेंटर से घी, बर्फी और बेसन के लड्डू, टाउनशिप की कान्हा स्वीट्स से बेसन के लड्डू व मिल्क केक तथा बीएसए रोड स्थित वाईकेवाई मिठाई वाला से सोनपपड़ी और खोया के नमूने लिए गए।वृंदावन में रॉयल भारती से धनिया पाउडर, मिल्क केक, सोनपपड़ी और खोया के नमूने लिए गए। यहां 15 किलो धनिया पाउडर सीज किया गया। सुनरख रोड स्थित श्रीराम स्वीट्स से खोया, छैना मिठाई और चंद्रकला, जबकि सौंख रोड स्थित हल्दीराम से रंगीन बर्फी, घी और पनीर के नमूने लिए गए। मंडी रामदास के मधुरम स्वीट्स से रंगीन छैना टोस्ट और खोया की जांच के लिए नमूने जुटाए गए। विभागीय टीम ने स्पष्ट किया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।