आगरा: दिल्ली गेट के रेस्टोरेंट में विवाद के बाद सड़क पर चले लात-घूंसे, पुलिस के सामने भी भिड़े दोनों पक्ष
आगरा, 05 नवम्बर। शहर के व्यस्त दिल्ली गेट इलाके में गुरुवार को आनंद ही आनंद रेस्टोरेंट के बाहर जमकर हंगामा हुआ। रेस्टोरेंट के अंदर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते सड़क पर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हंगामा नहीं थमा।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट के अंदर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष बाहर सड़क पर आ गए और एक-दूसरे से भिड़ गए। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के सामने भी होती रही धक्कामुक्की
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने और अलग करने का प्रयास किया, लेकिन लोग पुलिस के सामने ही एक-दूसरे से उलझते रहे। काफी देर तक मौके पर हंगामा और खींचतान होती रही।
मारपीट का वीडियो वायरल
घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में रेस्टोरेंट के बाहर लोगों के बीच मारपीट और पुलिस की मौजूदगी में हो रही धक्कामुक्की दिखाई दे रही है।
फिलहाल विवाद की असली वजह, मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।