उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी धर्मकुंड (गर्मकुंड) से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार (नंबर UK08 TA6040) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए भागीरथी नदी में समा गई।
कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें ज्यादातर गुजरात (साबरमती क्षेत्र) के यात्री थे, जबकि चालक हरिद्वार का निवासी था। हादसे में अब तक चार लोगों के शव नदी किनारे से बरामद किए जा चुके हैं। एक 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हालत में बचाया गया, जबकि दो महिलाएं अभी भी लापता बताई जा रही हैं।
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र को सुबह करीब 7:21 बजे सूचना मिली। मनेरी पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। तेज बहाव के बीच जल पुलिस और गोताखोर बाकी लोगों की तलाश में जुटे हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
यात्री गंगोत्री धाम की यात्रा पर थे। मृतकों में गुजरात के तीन यात्री और चालक शामिल हैं। घायल युवक को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस जांच कर रही है। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।







टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।