मथुरा। वृंदावन के रंगजी मंदिर बिजली उपकेंद्र से जुड़े करीब 10 हजार घरों को बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। बिजली निगम की ओर से पागल बाबा बिजलीघर से रंगजी मंदिर उपकेंद्र तक दूसरी बिजली लाइन तैयार की जा रही है। टावरयुक्त इस लाइन का काम पूरा होने के बाद एक लाइन में खराबी आने पर दूसरी लाइन से आपूर्ति बहाल की जा सकेगी। इसके साथ ही बंदरों से उपकेंद्र के उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए जाल लगाने की भी तैयारी है।शहरी क्षेत्र में रंगजी मंदिर उपकेंद्र ऐसा केंद्र है, जहां अब तक दोहरी बिजली लाइन की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण लाइन में खराबी आने पर आपूर्ति प्रभावित होती है। वहीं, बंदरों की उछलकूद से उपकेंद्र में लगी मशीनों और अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचता है। इससे संबंधित कॉलोनियों के उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।बिजली निगम ने निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजनेस प्लान के तहत डबल सोर्स लाइन का प्रस्ताव तैयार किया था। शुरुआत में खंभों के सहारे लाइन बिछाने की योजना थी, लेकिन यमुना खादर की रेतीली मिट्टी के कारण खंभे खड़े करने में परेशानी आई। इसके बाद टावरयुक्त लाइन बनाने का निर्णय लिया गया। अब तक करीब एक दर्जन टावर खड़े किए जा चुके हैं। आगे तार लगाने का काम किया जाएगा।मथुरा जोन के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि दूसरी लाइन तैयार होने से आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।उपकेंद्र पर बंदरों से उपकरणों की सुरक्षा के लिए जाल लगाने का काम भी कराया जाएगा।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।