मथुरा।नवरात्र की अष्टमी,नवमी और विजयदशमी के अवसर पर मथुरा के वाहन बाजार में जबरदस्त रौनक है। शुभ मुहूर्त में नया वाहन घर लाने के लिए ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग करा ली है। विभिन्न कंपनियों की करीब 200 कारों और 400 से अधिक दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की तैयारी है। इलेक्ट्रिक कारों और ई-बाइकों की बढ़ती मांग भी बाजार में दिखाई दे रही है।मारुति, हुंडई, टाटा और महिंद्रा समेत प्रमुख कंपनियों के कई लोकप्रिय मॉडलों पर वेटिंग चल रही है। टाटा की पंच, नेक्सन, सिएरा और अन्य मॉडलों की मांग अधिक है। मारुति की अर्टिगा पर करीब दो सप्ताह, बलेनो और ग्रैंड विटारा पर तीन सप्ताह तथा ब्रेजा पर छह सप्ताह तक का इंतजार करना पड़ रहा है। महिंद्रा की एक्सईवी 9एस पर छह महीने, थार पर दो महीने और स्कॉर्पियो-एन पर करीब दो सप्ताह की वेटिंग बताई गई है। हुंडई की क्रेटा, अल्काजार और वेन्यू की भी अच्छी मांग है।दोपहिया वाहन बाजार में स्पोर्ट्स और क्रूजर बाइक युवाओं की पसंद बनी हुई हैं। पल्सर, स्प्लेंडर, एक्टिवा और जुपिटर जैसे मॉडलों की मांग है। इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वाले ग्राहक बैटरी की उम्र और वारंटी की जानकारी पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान होने वाली डिलीवरी से बाजार में बिक्री को गति मिलेगी।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।