गोवर्धन। मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में राधाकुंड, श्यामकुंड और अष्टसखी कुंड का कायाकल्प किया जाएगा। तीनों कुंडों के संरक्षण और विकास पर टाटा फाउंडेशन के सहयोग से 12.19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रविवार को भूमि पूजन के साथ विकास कार्यों की शुरुआत हुई। योजना के तहत कुंडों की सफाई, गाद निकासी, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
राधाकुंड स्थित मीरा मनोरंजन धर्मशाला में आयोजित सर्वपक्षीय बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ये कुंड ब्रज की धार्मिक परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। इनके संरक्षण से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ब्रज तीर्थ विकास परिषद का आभार जताया। परिषद के ईको-रेस्टोरेशन प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि टाटा फाउंडेशन के साथ दो वर्षों से इस परियोजना पर चर्चा चल रही थी। तकनीकी विचार-विमर्श के बाद तीनों कुंडों के लिए बजट स्वीकृत हुआ। कार्य हार्टफुलनेस के माध्यम से कराए जाएंगे और निगरानी परिषद करेगी।भूमि पूजन में जिलाधिकारी सीपी सिंह, परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया गया।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।