आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रवार को प्रस्तावित आगरा दौरा प्रतिकूल मौसम के चलते रद्द कर दिया गया। जिला सूचना कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की थीं, लेकिन मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगरा में शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण करना था। इसके अलावा फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करना था। उनका दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था।
गुरुवार दोपहर से ही मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा था। शुक्रवार सुबह भी रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे कार्यक्रम की तैयारियां प्रभावित हुईं। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री का दौरा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
दौरा रद्द होने की सूचना के बाद टाटा मैदान में बनाए गए जनसभा स्थल से भाजपा कार्यकर्ताओं की वापसी शुरू हो गई। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में चल रही तैयारियों पर भी विराम लग गया।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।