आगरा । महंगाई की मार झेल रहे लोगों को एक बार फिर झटका लगा है। आगरा में रविवार सुबह से सीएनजी की कीमत में एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई। इसके साथ ही सीएनजी का दाम 107 रुपये से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है।
ग्रीन गैस लिमिटेड के विपणन अधिकारी किशन सिंह ने कीमतों में बढ़ोतरी की पुष्टि करते हुए बताया कि वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में वृद्धि और डॉलर के मूल्य में उतार-चढ़ाव के कारण यह फैसला लिया गया है। शहर के सभी 32 सीएनजी पंपों पर नई दरें लागू हो गई हैं।

- छह महीने में 12.25 रुपये की बढ़ोतरी
आगरा में छह महीने पहले सीएनजी 95.25 रुपये प्रति किलो मिल रही थी। अब इसकी कीमत 108 रुपये हो गई है। कभी पेट्रोल से सस्ता विकल्प मानी जाने वाली सीएनजी अब सामान्य पेट्रोल से भी महंगी हो गई है।
- ऑटो चालकों की कमाई पर असर
आगरा में करीब 65 हजार सीएनजी वाहन संचालित हैं। इनमें ऑटो, टैक्सी, कैब और निजी कारें शामिल हैं। कीमत बढ़ने से वाहन चालकों का खर्च बढ़ेगा। ऑटो चालकों का कहना है कि महंगी गैस से रोजाना की कमाई प्रभावित हो रही है, जबकि किराया बढ़ाना आसान नहीं है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।