मथुरा में चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर को हुई वृद्ध महिला की हत्या और लूट के मामले में कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत पुत्र सोनू निवासी मकान नंबर 443, चूना कंकड़ वाली गली के रूप में हुई है। उसे 29 अक्टूबर की रात करीब 10:27 बजे गली के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतका के पड़ोस में रहता था और उनके घर आता-जाता था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि उसे महिला के आभूषणों और घर में रखी तिजोरी के बारे में जानकारी थी। 24 अक्टूबर की रात वह छत पर कपड़ा गिरने का बहाना बनाकर महिला के घर पहुंचा। आरोप है कि छत पर ले जाते समय उसने सीढ़ियों पर पड़ी ईंट से महिला के सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह महिला के पहने हुए जेवर और कमरे में रखे बैग से आभूषण लेकर चला गया।पुलिस ने आरोपी के पास से 60 कंगन, 11 चेन,31 अंगूठियां,दो लॉकेट, 27 कान के टॉप्स, नोज पिन, रुद्राक्ष, अन्य आभूषण, मोबाइल फोन और 16,600 रुपये बरामद किए हैं।बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ाई गई है।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।