हरदोई। प्रतिभाओं का सम्मान, आधुनिक तकनीक का ज्ञान, पत्रकारिता के मूल्यों का संकल्प और साहित्य की रसधार—इन सभी का अनूठा संगम हरदोई में आयोजित ‘उत्कर्ष-2026’ समारोह में देखने को मिला। आई. एन. ए. मीडिया (न्यूज) एवं कमलेश्वर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आरटीओ चौराहा स्थित वैभव लॉन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जहां जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया, वहीं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जागरूकता कार्यशाला, वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह और विशाल कवि सम्मेलन ने आयोजन को बहुआयामी स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ पत्रकारिता, तकनीकी जागरूकता और साहित्यिक चेतना को नई दिशा देना रहा। समारोह की अध्यक्षता एवं संयोजन कमलेश्वर फाउंडेशन की संस्थापक तथा आई. एन. ए. मीडिया की एडिटर-इन-चीफ एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की लखनऊ मंडल उपाध्यक्ष विजयलक्ष्मी सिंह जादौन ने किया। फाउंडेशन की को-फाउंडर एवं सचिव अमिता मिश्रा ‘मीतू’ ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती पीके वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अलका गुप्ता, अनुराधा मिश्रा एवं निरमा देवी ने शिरकत की। विशेष आमंत्रित अतिथि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर ने भी प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान से खिले चेहरे
समारोह का प्रमुख आकर्षण जिले के विभिन्न विद्यालयों के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं और गृह परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेडल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना की। मंच से सम्मान प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, हरदोई की कक्षा 12 की मेधावी छात्राओं आराध्या सिंह और ईशा पाल ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि अपूर्वा सिंह ने 93.8 प्रतिशत और अपेक्षा वर्मा ने 91 प्रतिशत अंक हासिल किए। कक्षा 10 में अकृषि पांडेय, शिक्षा गौतम, आराध्या त्रिवेदी, आयुषी वर्मा, विवान वर्मा, राघव अग्रवाल, प्रखर श्रीवास्तव गुप्ता और ऋषिक आर्यन सहित अन्य विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
पीएम केंद्रीय विद्यालय, हरदोई से खुशी, अमीमा यासीन, वैष्णवी सिंह, अंकिमा वर्मा और अर्पण मिश्रा सहित मेधावी विद्यार्थियों ने सम्मान प्राप्त किया। महायोगी गुरु गोरखनाथ स्कूल के हर्षित सिंह और गौतम राठौर को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सराहा गया।
आर.आर. इंटर कॉलेज के हाईस्कूल वर्ग में हर्षित सिंह ने 90.50 प्रतिशत, आदित्य ने 89.83 प्रतिशत, सचिन ने 89 प्रतिशत, अक्षय कुमार ने 88.16 प्रतिशत और हसनैन खान ने 87.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इंटरमीडिएट वर्ग में कार्तिकेय भारद्वाज ने 89.30 प्रतिशत, अम्बुज ने 87.10 प्रतिशत, अभिषेक ने 87 प्रतिशत, अम्बुज योगेश ने 86.60 प्रतिशत और अक्षत कुमार ने 84 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कॉलेज के अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
समता इंटर कॉलेज, गुलामाऊ के इंटरमीडिएट वर्ग से माही सिंह, कामिनी शर्मा, पलक पाल, प्रिया शर्मा, जान्हवी कश्यप, आकांक्षा, दीपांशी, सुशील, मनीष, अंतरा वर्मा, रिया सिंह और ऋषभ तिवारी सहित अन्य विद्यार्थियों को सम्मान मिला। हाईस्कूल वर्ग में प्रतीक्षा सिंह, आकांक्षा सिंह, महिमा मिश्रा, विशाल, आकांक्षा पाल, रागिनी दीक्षित, अरशद, रोहन, सुधांशु और सुमिरन को भी प्रोत्साहित किया गया।
वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी अपनी उपलब्धियों से विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कक्षा 10 की दीपाली पाण्डेय ने 94 प्रतिशत और मानसी पाण्डेय ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आराध्या त्रिवेदी, आराध्या मिश्रा, आस्था पाल, स्वाती दीक्षित, अग्रिमा अवस्थी, प्रदर्शना वर्मा, जानवी सिंह और इशिता यादव सहित अन्य छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त राजेंद्र सिंह इंटर कॉलेज, न्योरादेव के निर्भय यादव, रितेश, शिवम, सिद्धांत और अनुपम; विद्या सिंह पब्लिक हाईस्कूल के शोभित मौर्य, अमन गुप्ता, समीर गाजी, राखी त्रिवेदी, सृष्टि गुप्ता और हर्ष गुप्ता तथा आरएसजीएस इंटर कॉलेज, बघराई सांडी के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

एआई कार्यशाला में तकनीक और तथ्य सत्यापन पर जोर
समारोह के तकनीकी सत्र में गूगल न्यूज इनिशिएटिव एवं वाइब्रेंट न्यूज के सहयोग से ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जागरूकता संगोष्ठी एवं प्रमाणीकरण कार्यशाला’ आयोजित की गई। मुख्य वक्ता डॉ. निमिष कपूर, सलाहकार संपादक—विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण, ने पत्रकारों और विद्यार्थियों को डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी उपयोग, एआई टूल्स की कार्यप्रणाली और सूचनाओं के तथ्य सत्यापन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उन्होंने एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. शैलजा दुबे ने भी तकनीकी जागरूकता पर अपने विचार रखे। कार्यशाला ने पत्रकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकों की उपयोगिता को समझने का अवसर प्रदान किया।
स्व. अखिलेश सिंह की स्मृति में पत्रकारों का सम्मान
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अखिलेश सिंह की स्मृति में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। निष्पक्ष, जिम्मेदार और समर्पित पत्रकारिता के लिए पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। हरदोई के वरिष्ठतम पत्रकार रमेश चंद्र पाठक को स्वर्गीय अखिलेश सिंह स्मृति ‘पत्रकार गौरव’ सम्मान प्रदान किया गया।
आयोजक विजयलक्ष्मी सिंह जादौन और अमिता मिश्रा ‘मीतू’ ने कहा कि स्वर्गीय अखिलेश सिंह के विचार, कार्यशैली और पत्रकारिता की विरासत नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। इसी अवसर पर कमलेश्वर फाउंडेशन की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया और पदाधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कवियों की रचनाओं ने बांधा समां
समारोह के समापन सत्र में आयोजित विशाल कवि सम्मेलन साहित्यिक आकर्षण का केंद्र रहा। कवि सतीश मधुप (मैनपुरी), विपिन मलीहाबादी, मंजुल मयंक मिश्र और राम शब्द बेनूर ने राष्ट्रीय चेतना, हास्य-व्यंग्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार में देर तक तालियां गूंजती रहीं।
कार्यक्रम में वंदना सिंह, डॉ. सोहनी दीक्षित, नीलू गुप्ता, राधा मिश्रा, सुमन सिंह, भूमिका सिंह, प्रीति वर्मा, डॉ. शीला पाण्डेय और डॉ. ब्रह्मस्वरूप पाण्डेय सहित प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, साहित्य प्रेमी, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
‘उत्कर्ष-2026’ ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ तकनीकी ज्ञान, जिम्मेदार पत्रकारिता और साहित्यिक अभिव्यक्ति को एक सूत्र में पिरोते हुए शिक्षा और समाज के बीच सकारात्मक संवाद का संदेश दिया।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।