उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को लखनऊ स्थित सूचना निदेशालय में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत विकसित नए पोर्टल पर बैठक हुई। इसमें पोर्टल को संचालित करने की सहमति दी गई और आवेदन से लेकर आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने तक की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। लाइव डेमो के माध्यम से पत्रकारों के आवेदन, विवरण सत्यापन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय के मुख्यालय और प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को योजना का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं, उनका विवरण आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इसकी जानकारी मुख्यालय को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह और अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।