झांसी। अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने विरोधी नारे लगाते हुए नवाबाद थाना, सीपरी बाजार थाना और कोतवाली प्रभारी को हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान जेल अधीक्षक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए।
अधिवक्ताओं ने सिटी सर्किल के अंतर्गत आने वाले थानों के प्रभारियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की।
अधिवक्ता संघ ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता संघ व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर कड़ा रुख अपनाया।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।