फतेहाबाद (आगरा)। तहसील मुख्यालय पर शनिवार को एसडीएम स्वाति शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सबसे अधिक 13 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं।
एसडीएम ने शेष शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
इस दौरान निबोहरा क्षेत्र के ग्राम बीजला निवासी पूजा ने आवास न मिलने की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित सचिव गलत रिपोर्ट लगाकर मामले को दबा देते हैं। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी से जांच रिपोर्ट तलब की।
वहीं, समाधान दिवस में पहुंचे अधिवक्ताओं ने एक अधिवक्ता पर हुए हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद, तहसीलदार राजशेखर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता: सुशील गुप्ता, फतेहाबाद (आगरा)





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।