मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शुक्रवार, 16 अक्टूबर को मुरैना आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर उनका घेराव करेगी। कांग्रेस दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर जिले की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार, शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं और अंचल में लगातार हो रही गोलीबारी से कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है। कांग्रेस किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने और इनकी कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाएगी। इसके अलावा बिजली विभाग की अघोषित कटौती से आमजन को हो रही परेशानी को लेकर भी आवाज उठाई जाएगी।
कांग्रेस बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान के बावजूद पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखेगी। वहीं, शहर में सीवर लाइन की समस्या, नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, नालों की सफाई नहीं होने और गंदगी की समस्या को लेकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इसके साथ ही सदर बाजार की खुदी पड़ी सड़क की मरम्मत कराने तथा नगर निगम में वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी कांग्रेस अपनी मांगें रखेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि इन समस्याओं से आमजन, किसान और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की जाएगी।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।