फतेहाबाद (आगरा)। कस्बा फतेहाबाद में इसराइल केमिकल लिमिटेड और हरिविलास ओमप्रकाश फर्म के संयुक्त तत्वावधान में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें करीब 400 किसानों ने भाग लेकर खेती से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।
गोष्ठी में किसानों ने विशेषज्ञ जी.पी. शर्मा के समक्ष आलू की फसल में चेचक रोग की समस्या उठाई। किसानों ने बताया कि बीमारी के कारण फसल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इस पर जी.पी. शर्मा ने इजरायली तकनीक के माध्यम से आलू की खेती को बेहतर बनाने के उपाय बताए। उन्होंने संतुलित खाद प्रबंधन तथा फंगीसाइड और इंसेक्टिसाइड के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में रजनीकांत शर्मा ने किसानों को नियमित रूप से मिट्टी की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की कमी और पीएच स्तर में वृद्धि मृदा स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। मिट्टी की सेहत सुधारकर फसलों की गुणवत्ता बढ़ाने और रोगों पर नियंत्रण पाने में मदद मिल सकती है।
गोष्ठी में प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से इजरायली तकनीक अपनाकर वे आलू की खेती में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।
अंत में रमाकांत नेताजी और सत्यपाल सिंह ने सभी किसानों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: सुशील गुप्ता, फतेहाबाद (आगरा)





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।