बाह। चंबल नदी के क्योरी घाट पर कथित रूप से अवैध नावों का संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। जर्जर नाव से बाइक समेत दर्जनों ग्रामीणों को नदी पार कराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। आरोप है कि बिना अनुमति तीन नावों का संचालन कर यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, नाव संचालकों द्वारा प्रति बाइक 200 रुपये और प्रति व्यक्ति 100 रुपये वसूले जा रहे हैं। चंबल नदी मगरमच्छों और घड़ियालों के संरक्षण के लिए संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में असुरक्षित नावों का संचालन हादसे का कारण बन सकता है। पूर्व में भी यात्रियों से भरी नाव नदी में पलटने की घटना सामने आ चुकी है।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर मिलीभगत और संरक्षण में अवैध संचालन होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि पूर्व में कार्रवाई के दौरान कई नावें जब्त की जा चुकी हैं और एक कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना भी हुई थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध नाव संचालन पर रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल है कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कब तक ठोस कार्रवाई होती है।
संवाददाता: कृष्णा ओझा, बाह





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।