बिजनौर । ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन मंडल मुरादाबाद के अध्यक्ष डॉ. भानु प्रकाश वर्मा शनिवार सुबह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, डॉ. भानु प्रकाश वर्मा शनिवार सुबह अखबार के कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान पुट्ठा और खैरपुर के बीच दूध लेकर जा रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस सेवा 108 की मदद से घायल पत्रकार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पत्रकार जगत में चिंता का माहौल पैदा है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों ने डॉ. भानु प्रकाश वर्मा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।