मथुरा। गोवर्धन क्षेत्र की ग्राम पंचायत आन्यौर में प्राचीन शुद्ध बिहारी मंदिर के क्षतिग्रस्त होने के बाद उसके पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का सर्वजातीय धरना प्रदर्शन जारी है। सभी वर्गों के ग्रामीण एकजुट होकर मंदिर निर्माण और धार्मिक स्थल की सुरक्षा की मांग उठा रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर बैनर लगाकर ग्रामीणों ने अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा है और जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की है।ग्रामीणों की चार सूत्रीय मांगों में प्राचीन शुद्ध बिहारी मंदिर का शीघ्र पुनर्निर्माण, निर्माण कार्य के लिए शासन-प्रशासन से सरकारी सहायता, मंदिर की भूमि की सुरक्षा तथा मंदिर से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करना शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मंदिर उनके लिए आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसके पुनर्निर्माण के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
धरने में ग्राम पंचायत आन्यौर के विभिन्न जातियों और वर्गों के लोग शामिल हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक मंदिर का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की अपील की है।फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस संबंध में किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।