मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में बाद रेलवे पुल के पास रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बड़ा हादसा हो गया। खाली पेट्रोल टैंकर के अंदर वेल्डिंग करते समय अचानक गैस बनने से जोरदार धमाका हो गया। हादसे में वेल्डिंग कर रहे वेल्डर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके हेल्पर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, रेलवे पुल के पास एक खाली पेट्रोल टैंकर खड़ा था। टैंकर में लीकेज की समस्या को ठीक कराने के लिए वेल्डिंग का काम कराया जा रहा था। वेल्डर लीकेज वाले हिस्से की मरम्मत करने के लिए टैंकर के अंदर चला गया। इसी दौरान टैंकर में मौजूद गैस के कारण अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आकर वेल्डर गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टैंकर के पास मौजूद हेल्पर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टैंकर खाली होने के बावजूद उसमें गैस बनने के कारणों और वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।