वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने आए गाजियाबाद के एक श्रद्धालु परिवार के साथ रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर की ओर जाने वाली फलाहारी बाबा वाली गली में दर्शन की कतार में खड़ी एक वर्षीय बच्ची अर्पिता के सिर पर जर्जर भवन के छज्जे से ईंट गिर गई। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल आरके मिशन अस्पताल में भर्ती कराया।जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र की वसुंधरा कॉलोनी निवासी अमित अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन करने वृंदावन आए थे। रविवार सुबह करीब दस बजे सभी लोग दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान गली में स्थित जर्जर भवन के छज्जे पर बैठे बंदर ने उछलकूद की, जिससे छज्जे की ईंट नीचे गिरकर बच्ची के सिर पर जा लगी।उधर, गांव राजागढ़ी में भी बंदरों का आतंक बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में करीब चार सौ बंदर झुंड में घूम रहे हैं। पिछले 15 दिनों में डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर चुके हैं। ग्रामीण धर्मवीर उपाध्याय ने बताया कि बंदरों के हमलों से राहगीरों, बच्चों और महिलाओं में दहशत है। बंदरों को पकड़वाने के लिए ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।