संवाददाता - राहुल गौड़, मथुरा।
मथुरा के गोवर्धन में शनिवार सुबह बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ठहरे राजस्थान के यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यात्री अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिले थे।होटल कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अलवर जिले के किशनगढ़ निवासी नरेंद्र सिंह गोवर्धन स्थित होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह होटल कर्मचारी चेकआउट की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। जांच करने पर नरेंद्र सिंह कमरे में अचेत अवस्था में पड़े मिले। बताया गया है कि कमरे के पास नशीले पदार्थ के खाली खोखे भी मिले हैं। पुलिस ने पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान और पते की पुष्टि की तथा राजस्थान में उनके परिजनों को सूचना दी।पुलिस के अनुसार,मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल होटल कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।